डेरा प्रमुख राम रहीम की तीस दिन की पैरोल खत्म, पहुंचे जेल !

एजेंसी

रोहतक। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को लेकर बड़ी खबर है। खबर के अनुसार बाबा राम रहीम को मिली एक महीने की पैरोल 20 अगस्त को खत्म हो गई है। बाबा राम रहीम की 30 दिनों की पैरोल खत्म हुई है। जिसके बाद राम रहीम को हरियाणा की रोहतक पुलिस रविवार को उत्तर प्रदेश के बागपत से लेकर सुनारिया जेल पहुंची। जानकारी के मुताबिक राम रहीम 4 बजकर 55 मिनट पर सुनारिया जेल पहुंचा है। इसके बाद वो फिर से जेल की सलाखों के पीछे ही रहेगा। उसे भारी सुरक्षा के बीच बरनावा आश्रम से रोहतक की सुनारिया जेल तक ले जाया गया। इस काफीले में डीएसपी मुख्यालय से डॉक्टर रवींद्र व सांपला डीएसपी राकेश भी साथ थे। जेल लाने के दौरान स्थानीय पुलिस बल, एलआईयू और खुफिया विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। इस दौरान बाबा राम रहीम की मुंह बोली बेटी हनीप्रीत भी उसे छोड़ने सुनारिया जेल आई थी।  गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने बाबा राम रहीम की 30 दिनों की पैरोल को 20 जुलाई को मंजूर किया था। पैरोल के दौरान बाबा राम रहीम बागपत के बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में ठहरे रहे थे। बता दें कि राम रहीम का जन्मदिन हाल ही में 15 अगस्त को मनाया गया है। राम रहीम साध्वी से दुष्कर्म और पत्रकार की हत्या के आरोप में सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। वर्ष 2017 में सीबीआई की विशेष अदालत ने राम रहीम को दो साध्वियों के यौन उत्पीड़न केस में 10-10 साल की कैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद उसे पत्रकार छत्रपति हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में अदालत ने सजा सुनाई थी। वहीं इस बार हरियाणा सरकार से मिली पैरोल के दौरान ही 15 अगस्त को राम रहीम ने अपना जन्मदिन मनाया है। इस दौरान वो अपने शिष्यों के साथ डेरा सच्चा सौदा में ही रहे। इस दौरान उन्होंने हनीप्रीत के साथ अपना जन्मदिन मनाया और पौधारोपण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *