संदिग्धावस्था में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज !

नीरज शर्मा, ब्यूरो चीफ

सूरतगंज, बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में कमरे के अंदर फंदे पर लटका पाया गया। रात में मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए तीन घंटे तक हंगामा किया। पुलिस से भी नोकझोंक हुई। इस मामले में पति समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना तुलसीपुर बंजरगांव के मनमोहन तिवारी की पुत्री लक्ष्मी (22) की शादी 20 मई 2022 को मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी शोभित मिश्र के साथ हुईं थीं। बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे ससुरालीजनों ने परिजनों को सूचना दी कि लक्ष्मी ने फंदे से लटक कर जान दे दी है। रात करीब साढ़े 10 बजे मौके पर पहुंचे परिजनों को पता चला कि पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर पहुंची थी। इससे परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने पहुंचने से पहले ही दरवाजा तोड़ने का विरोध करते हुए हंगामा शुरु कर दिया। पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया।

मामला गंभीर देख मौके पर फतेहपुर से नायब तहसीलदार व रामनगर के सीओ हर्षित चौहान मौके पर पहुंचे। रात मेें ही अधिकारियों ने वीडियोग्राफर बुलवाकर शव को उतारने की वीडियोग्राफी कराई। पिता मनमोहन तिवारी ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन दहेज में दो लाख रुपये व पांच बीघा जमीन मांग रहे थे। पिता की तहरीर पर पति शोभित मिश्र, मां गुड्डी देवी, जेठ रामचरित समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की भी वीडियोग्राफी कराई गई। एसएचओ विनोद कुमार यादव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *