अब पूर्वांचल में सक्रिय होगा मानसून, आज से हल्की बारिश की संभावना !

ए पी न्यूज़

लखनऊ। उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्वांचल में अब मानसून का ट्रैक सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से चार दिन तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। अभी यह प्री मानसून है। सप्ताह भर बाद मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। इस दौरान अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। बृहस्पतिवार को पूरे दिन तीखी धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। घर और दुकानों में बैठे लोग पसीने से भींग गए। अधिकतम तापमान भी 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि मध्य उत्तर प्रदेश पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। 18000 फीट की ऊंचाई पर ऊपरी वायुमंडल में एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ लाइन दक्षिण पंजाब से निकलकर दक्षिण हरियाणा, मध्य उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक जा रही है। इसके चलते गोरखपुर और आसपास जिलों में 23 से 26 जून के बीच गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। उन्होंने बताया कि इस दौरान दक्षिण-पूर्व की हवा चल सकती है। हवा की गति 5 से 20 किमी रह सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 36 के बीच व न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। नमी 55 से 95 प्रतिशत के बीच रह सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *