देश से आतंकवाद, नक्सलवाद और माओवाद अब खात्मे की ओर : योगी

ए पी न्यूज़

अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर अंबेडकरनगर जिले में आयोजित जनसभा को संबोधित किया और जिले को 1212 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बीते नौ साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को गौरवमयी नेतृत्व दिया है। देश की वैश्विक मंचों पर प्रतिष्ठा बढ़ी है और जनता में खुशहाली आई है। उन्होंने कहा कि अब देश में आतंकवाद, उग्रवाद और नक्सलवाद खात्मे की ओर है। आज दुनिया भारत को सम्मान की नजर से देखती है। दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी की छवि संकटमोचन के तौर पर बनी है। अब देश में घुसपैठ नहीं होती है। सर्जिकल स्ट्राइक होती है। उन्होंने कहा कि देश से जल्द ही माओवाद और नक्सलवाद का पूर्ण खात्मा होगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि कश्मीर से 370 खत्म किया जा सकता है। अब पाक अधिकृत कश्मीर के लोग भारत आना चाहते हैं वो दरिद्र पाकिस्तान नहीं जाना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज है। अब कोई भी माफिया किसी गरीब और व्यापारी की संपत्ति पर कब्जा नहीं कर सकता है। अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। प्रभु श्रीराम अपने घर में विराजमान होंगे। अयोध्या का विकास होगा तो अंबेडकरनगर को भी लाभ होगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में सौ रुपये में से 85 रुपये बिचौलिये खा जाते थे पर अब जनता को पूरा पैसा मिल रहा है। परिवारवाद, तुष्टिकरण और भाई भतीजावाद करने वाले राष्ट्र की चिंता नहीं कर सकते। यह केवल भाजपा ही कर सकती है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह पीएम मोदी के नेतृत्व का ही कमाल है कि जिस ब्रिटेन ने देश पर शासन किया भारत उसे पीछे कर दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत में राशन मुफ्त मिल रहा है जबकि पाकिस्तान में राशन के लिए मारामारी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *