नीरज शर्मा, ब्यूरो चीफ
बाराबंकी। सफाई कर्मियों ने सोमवार को मांगों को लेकर गन्ना कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने इस दौरान अधिकार पदयात्रा निकाली और अपनी मांगों का ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मराज सिंह ने कहा कि हमारी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों का कोई निराकरण नहीं किया जा रहा है। बताया कि जैसे विभागीय सेवा नियमावली, ग्रेड पे 1800 के स्थान पर 1900 हो, ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर शासनादेश के अनुसार आरक्षण दिया जाए। हम लोगों का पद नाम बदल कर पंचायत सेवक किया जाए। सफाई कर्मियों को प्रधानों के नियंत्रण से मुक्त किया जाए और पुरानी पेंशन को बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि हमारी ये प्रमुख मांगें हैं, जिनका निराकरण नहीं हो रहा है। उन्होंने इन सभी मांगों का जल्द से जल्द निस्तारण कराने की मांग उठाई। इस दौरान धरना दे रहे सफाई कर्मियों ने अधिकार पदयात्रा निकाली और मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को संबोधित अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस मौके पर रामसरन यादव, राजू धानुक, सुधीर कुमार, अशोक धानुक, सूरज पाल, मेराज अहमद, राजेंद्र, मौर्य, आरबी यादव, इबरार, पंकज वर्मा, संजय राना, सुशील कुमार, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।