जनता का भरोसा लगातार भाजपा पर बढ रहा है – बृजेश

नीरज शर्मा, ब्यूरो चीफ

बाराबंकी। जिले के चिनहट देवा रोड पर नारायण सेवा संस्थान में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक प्रतिभाग करने पहुंचे। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाएं जन-जन तक पहुंची हैं। जनता का भरोसा लगातार भाजपा पर बढ़ रहा है और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा का कोई विकल्प नहीं है। विपक्ष केवल सत्ता और कुर्सी पानी के लिए लड़ रहा है। सत्ता के लोलुप लोगों के समूह को प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी क्योंकि जब इनका शासन था तब प्रदेश में अराजकता और भ्रष्टाचार चरम पर था। इस संगठन में भ्रष्टाचार करने वाली सभी पार्टियां और नेता शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए काम कर रहे हैं। आज जी 20 के समापन के बाद दुनिया में भारत का परचम शिखर की ओर जा रहा है। महिला आरक्षण पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता के सवाल पर कहा कि प्रधानमंत्री ने आज दुनिया को दिखा दिया कि भारत अपनी आधी आबादी को बराबर का हिस्सा देता है। यह पहली बार संभव हुआ है कि देश की सबसे बड़ी पंचायत में महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए बिल पास कराया गया। डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि इसको लेकर कोई पैनिक स्थिति नहीं है। हम लगातार सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं। अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां, प्लेटलेट्स और बेड उपलब्ध हैं। पंचायतीराज और शिक्षा समेत 13 विभागों का समंवय बनाकर संचारी रोग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मच्छरजनित रोग न पनपने पाएं। आमजन से अनुरोध है कि आसपास जलभराव कतई न होने दें। जहां भी ऐसी स्थिति देखें, उसकी सूचना संबंधित विभागों को दें। जिला अस्पताल व इमरजेंसी में स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त होने के संबंध में सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि अगर कोई स्पेसिफिक शिकायत मिलती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। व्यवस्थाओं में काफी सुधार आया है लोगों को बेहतर इलाज दिया जा रहा है। अव्यवस्थाओं पर आज ही समीक्षा कर कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *