नीरज शर्मा, ब्यूरो चीफ
त्रिवेदीगंज, बाराबंकी। लोनीकटरा थानाक्षेत्र में रविवार को पूर्वांचल एक्सप्रे वे के किनारे एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके दोनों हाथ बंधे थे और कान व नाक से खून बह रहा था। आशंका व्यक्त की जा रही हत्या करके शव यहां फेंक दिया गया। काफी कोशिशों के बाद भी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। लोनीकटरा थाना क्षेत्र से गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से नेराकबूलपुर गांव के पास से भिलवल कस्बे के लिए सर्विस रोड जाती है। रविवार की भोर करीब सात बजे ग्रामीण जब खेतों की ओर गए तो एक्सप्रेसवे के किनारे अंडरपास के पास इसी सर्विस रोड के बगल में लगभग 40 वर्षीय महिला का शव पड़ा देखा। महिला के दोनों हाथ कपड़े से बंधे थे और चेहरे पर खून लगा था। गले में मंगलसूत्र व एक उंगली में अंगूठी मिली। माना जा रहा है कि शव को वहां फेंकने के बाद उसे एक दूसरी साड़ी से ओढ़ा दिया गया था। मृतका की नाक में रुई भी लगी थी। फोरेंसिक व फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल पर छानबीन की। लोनीकटरा के एसएचओ अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि महिला की हत्या हुई यह अभी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि हो सकेगी। छानबीन की जा रही है। जहां पर महिला का शव मिला उसके आसपास जमीन पर बाइक के पहियों के निशान मिले। हालांकि पुलिस का कहना है कि रोड से कई बाइकें गुजरती है। लेकिन यह पूरी आशंका है कि शव को बाइक से ही लाया गया। हो सकता है कि रात में पूर्वांचल एक्सप्रेस से लाया गया हो। इसे लेकर पुलिस पूर्वांचल एक्सप्रेस के टोलगेट व अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।