रैली कर भाजपा सांसद बृजभूषण ने किया शक्ति प्रदर्शन, बोले- होइहैं वही जो राम रचि राखा…

ए पी न्यूज़

गोंडा। मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर आयोजित रैली में यौन शोषण के आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों पर कोई भी टिप्पणी नहीं की। कहा कि होइहैं वही जो रामरचि राखा, को करि तर्क बढ़ावै साखा। इस दौरान कांग्रेस सरकार पर उन्होंने जमकर निशाना साधा। कहा कि जब देश 1947 में आजाद हुआ उस समय देश के प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू थे। पाकिस्तान ने जमीन कब्जा कर लिया। कश्मीर पर लोग कहते थे जहां हुए पैदा मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है लेकिन आज अमित शाह व पीएम नरेंद्र मोदी की देन है कि हर भारतीय गर्व से कह सकता है कि कश्मीर हमारा है। भाजपा सांसद ने कहा कि मोदी ने बैंकों में जनधन खाता खुलवाया। उसका फायदा सब लोग जानते हैं। 1975 में जब इमरजेंसी लगी उस समय भी सरकार कांग्रेस की थी। भाजपा ने नारा दिया था कि रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे। मंदिर बन रहा है। जिसका सारा श्रेय मोदी को जाता है। भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री से पहले जनता को श्रेय दिया जाता है जिसने भाजपा सरकार बनाई है। कांग्रेस की सरकार में चीन ने 33 हजार वर्ग किलो मीटर जमीन कब्जा किया है। 1971 में हिंदुस्तान के इतिहास में एक घटना हुई जब पाकिस्तान ने हमारे देश के 92 हजार सैनिकों को बंदी बनाया था। अगर उस समय मोदी वाला भारत होता तो ऐसा कभी नहीं होता। आज भारत के लोग पूछते हैं कि मोदी ने क्या किया। हम कांग्रेस के लोगों से पूछते हैं जब मंदिर का केस चल रहा था तब कांग्रेस वकीलों की फौज खड़ी कर देती थी।
जब उरी में पुलवामा में सैनिकों की हत्या होती है तो हमारे देश के सैनिक सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं। वहीं कांग्रेसी सबूत मांगते हैं। जब हमारे देश के वैज्ञानिक कोरोना की दवा बनाते हैं तब भी कांग्रेसी सबूत मांगते हैं। इस दौरान विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, कटरा बाजार के विधायक बावन सिंह, करनैलगंज के अजय सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय, धर्मपाल सिंह, जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि वैभव सिंह मोनू, अर्जुन तिवारी, रामपाल शुक्ल, सुबोध मिश्र, संजीव सिंह, जुनैद खान, राजू ओझा, पप्पू तिवारी, उमेश शुक्ल, देवप्रयाग अवस्थी और अखिलेश गुप्ता मौजूद रहे। केंद्र में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बालपुर के रघुराज शरण सिंह महाविद्यालय परिसर में आयोजित रैली व जनसभा में कैसरगंज के भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शक्ति प्रदर्शन में कोई कसर नहीं छोड़ी। जिले के कोने-कोने से कार्यकर्ताओं व समर्थकों को बुलाया गया था। गोंडा के अलावा बहराइच और बलरामपुर जिले से भी समर्थक जनसभा में पहुंचे।

रैली को लेकर सुबह से ही कार्यकर्ता जगह-जगह एकत्र हो गए। सुबह 10 बजे तक महाविद्यालय परिसर में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। रैली में शामिल होने जा रहे सांसद का नवाबगंज से बालपुर तक जगह-जगह लोगों ने माला पहनाकर स्वागत किया। समर्थकों को देखकर सांसद सहित मंच पर आसीन अतिथि भी गदगद हो उठे।
मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार के नौ साल पूरे हो चुके हैं। इस बीच में कई ऐसे कार्य हुए हैं जो आजादी के बाद देश में नहीं हुए थे और उनकी जरूरत थी। उन्होंने कोरोना काल में सरकार के बेहतर इंतजामों से लोगों को रूबरू कराया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूरदर्शी हैं तभी तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। लोगों को सीधे बैंक के माध्यम से लाभ पहुंचाया गया है। अब दलाली बंद हो चुकी है।
उनके साथ मंच पर तरबगंज विधायक प्रेमनारायन पांडेय, कटराबाजार विधायक बावन सिंह, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह ‘मंजू’, जिला प्रभारी अवनीश सिंह, जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप सहित कई ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य सहित तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *