ब्यूरो रिपोर्ट
नई दिल्ली। कोटकपुरा में प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई-बहन में विवाद वाले बयान पर पलटवार किया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं अपने भाई के लिए अपनी जान दे दूंगी और मेरा भाई भी मेरे लिए अपनी जान दे देगा।तो विवाद कौन-सा? योगी जी के मन में विवाद है। लगता है भाजपा में जो विवाद है उसकी वजह से कह रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि जो उनके बीच और अमित शाह जी और मोदी जी के बीच में विवाद चल रहा है, उसकी वजह से कह रहे हैं।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाली पंजाब सरकार को इसलिए हटाना पड़ा, क्योंकि उसे दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी चला रही थी। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी हमला करते हुए उस पर दिल्ली में कुछ भी न करने का आरोप लगाया और कहा कि उसकी सरकार ‘‘नाकाम’’ रही है। मुख्यमंत्री के तौर पर सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए प्रियंका ने उनका नाम लिए बिना कहा, ‘‘यह सच है कि पांच साल तक यहां हमारी सरकार थी, यह भी सच है कि उस सरकार में कुछ खामियां थीं। यह अपने रास्ते से कहीं भटक गयी थी। उस सरकार ने पंजाब से चलना बंद कर दिया था। सरकार दिल्ली से चलायी जा रही थी और वो भी कांग्रेस द्वारा नहीं बल्कि भाजपा और भाजपा नीत सरकार द्वारा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह छिपा गठजोड़ आज सामने आ गया है इसलिए हमें उस सरकार को बदलना पड़ा।’’