अपराध प्रहरी संवाददाता
बाराबंकी। उन्नत कृषि ग्राम योजनान्तर्गत दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण का आयोजन विकास खण्ड हैदरगढ़ के ग्राम संसारा एवं विकास खण्ड त्रिवेदीगंज के ग्राम तेजवापुर में किया गया। विकास खण्ड हैदरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र, हैदरगढ़, बाराबंकी के अध्यक्ष/ वरिष्ठ वैज्ञानिक डा0 अश्वनी कुमार सिंह के साथ ही विषय वस्तु विशेषज्ञ अभिषेक राज रंजन, सहायक विकास अधिकारी, कृषि, हैदरगढ़, बाराबंकी ज्ञानेन्द्र कुमार, विकास खण्ड हैदरगढ़ के कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्मिक एवं स्थानीय कृषक उपस्थित रहे।
डा0 अश्वनी कुमार सिंह एवं अन्य विशेषज्ञों द्वारा किसान भाइयों को कृषि की नवीनतम उन्नत तकनीक के साथ ही फसल विविधीकरण एवं खाद्य प्रसंस्करण के सम्बन्ध में जानकारी देते हुये उनकी आय में वृद्धि एवं फसलों की गुणवत्ता में सुधार के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गई।
विकास खण्ड त्रिवेदीगंज के ग्राम तेजवापुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक, बाराबंकी श्रवण कुमार के साथ कृषि विज्ञान केन्द्र, हैदरगढ़, बाराबंकी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा0 समीर कुमार पाण्डेय, सहायक विकास अधिकारी, कृषि, त्रिवेदीगंज, प्रगतिशील कृषक नवनीत वर्मा एवं लगभग 100 से अधिक स्थानीय प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे। उप कृषि निदेशक श्री श्रवण कुमार द्वारा रबी फसलों की उन्नत बीज प्रजातियों के बारे में जानकारी देने के साथ ही सामयिक कृषि निवेशों की उपलब्धता एवं कृषि तकनीकी के सम्बन्ध में किसान भाइयों को अवगत कराते हुये बताया गया कि वर्तमान समय में फसल उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार हेतु सर्वाधिक उपयोगिता आई0पी0एम0 एवं विषमुक्त खेती की है। उप कृषि निदेशक द्वारा आई0पी0एम0 की विभिन्न विधियों के बारे में भी अवगत कराया गया। वरिष्ठ वैज्ञानिक डा0 समीर कुमार पाण्डेय द्वारा मिलेट्स फसलों के गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के साथ उनके प्रसंस्करण तथा विपणन की व्यवस्था की जानकारी किसान भाइयों को उपलब्ध कराई गई। प्रगतिशील कृषक श्री नवनीत वर्मा द्वारा औद्यानिक फसलों के उत्पादन एवं गुणवत्ता में वृद्धि के बारे में किसान भाइयों को जानकारी दी गई।