अपराध प्रहरी संवाददाता
बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जॉइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम नवाबगंज आर जगत साईं के साथ शहर में बहने वाले जमुरिया नाले का जगनेहटा और यंगस्टीम कॉलेज के पास निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमुरिया नाले में प्लास्टिक व कचरे को देखकर चिंता व्यक्त करते हुए जमुरिया नाले को प्लास्टिक व कचरे से मुक्त रखने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने नगर पालिका नवाबगंज सहित सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि डोर-टू-डोर लोगों के घरों से प्लास्टिक व कूड़े का प्रतिदिन उठान कराया जाए। जब प्रतिदिन घरों से प्लास्टिक कचरे का उठान होने लगेगा तो जमुरिया नाले में प्लास्टिक व कचरा खुद-बा-खुद कम हो जायेगा। इसके अलावा सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा, लोगों को जागरूक किया जाए कि कोई भी जमुरिया नाले में प्लास्टिक व कचरा न फेंके। यदि फिर भी लोग ना माने तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए। प्लास्टिक व कचरे के निस्तारण के लिये बने प्लांट को क्रियाशील रखा जाए जिससे वेस्ट (प्लास्टिक व कूड़े) का निस्तारण प्रतिदिन होता रहे और डंपिंग यार्ड में प्लास्टिक व कूड़ा अधिक दिनों तक एकत्र न रहे। इस अवसर पर सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।