उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी का चुनावी गीत यूपी फिर मांगें भाजपा सरकार जारी किया और कहा कि जो दंगाई पिछली सरकार के संरक्षण में कभी शांति और सौहार्द के लिए खतरा बने हुए थे, आज उनके पोस्टर सड़कों और चौराहों पर लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह,उप मुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य एवं डाक्टर दिनेश शर्मा तथा केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने भाजपा के चुनावी गीत यूपी फिर मांगे भाजपा सरकार का लोकार्पण किया। भाजपा के इस प्रचार गीत के बोल हैं – प्रयागराज से मथुरा, काशी तक / लखनऊ से लेकर झांसी तक/ अयोध्या से बिठूर तक/ शहर गांव सब दूर-दूर तक/ गाजीपुर से गाजियाबाद तक/ यूपी भर में शंखनाद से सुनाई पड़ती है यही हुंकार/ यूपी फिर मांगे भाजपा सरकार। इस मौके पर योगी ने कहा, जो दंगाई कभी प्रदेश की शांति और सौहार्द के लिए खतरा बने हुए थे और पिछली सरकार में सत्ता का संरक्षण रखते थे, आज उन दंगाइयों के पोस्टर सड़क और चौराहों पर लगे हुए हैं।’’