
पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के मैदान में उतरने को लेकर हर रोज अटकलें लगाई जा रहीं हैं। इसी क्रम में बुधवार को आजमगढ़ का सियासी पारा उस समय चरम पर पहुंच गया जब अखिलेश यादव के जिले की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के कयास लगाए जाने लगे।
खबर आई कि वह गोपालपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। सपा के जिलाध्यक्ष का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जनपद से चुनाव लड़ सकते हैं लेकिन उनकी सीट तय नहीं है। सपा मुखिया आजमगढ़ से सांसद हैं। बुधवार दिन भर उनके गोपालपुर सीट से चुनाव लड़ने चर्चाएं चलती रहीं।
गोपालपुर सीट से सपा के ही नफीस अहमद विधायक हैं। इस बार नफीस अहमद के साथ ही पूर्व मंत्री वसीम अहमद की पत्नी शमा वसीम भी यहां से लड़ने की तैयारी कर रही हैं। हालांकि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह कहकर कि वे आजमगढ़ की जनता से पूछ कर ही इस बारे में फैसला लेंगे, फिलहाल अटकलों को विराम दे दिया।
सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव का कहना है कि अखिलेश यादव जनपद से ही चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने पत्र भेजकर उन्हें जनपद से चुनाव लड़ने का आमंत्रण दिया है। अब वह किस सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं यह फैसला उनका होगा।